RASHTRIX 24X7 NEWS

मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर

काम की तलाश में अभिनेता शरद कपूर, सिने संगठन से लगाई मदद की गुहार

काम की कमी से जूझ रहे अभिनेता शरद कपूर ने काम की तलाश के लिए सिने संगठन सिंटा का दरवाजा खटखटाया है।

बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों काम की कमी और गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। मुंबई के एक पशु कल्याण केंद्र में अभिनेता के टूटने और कमजोर नजर आने का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद उनके स्वास्थ्य और वर्तमान स्थिति को लेकर चिंता जताई जाने लगी।

एनजीओ की संस्थापक और अभिनेता की लंबे समय की दोस्त हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर उनका एक भावनात्मक वीडियो साझा किया था। इसके बाद खुद शरद कपूर ने सामने आकर बताया कि वह अच्छे काम की तलाश में हैं और इसके लिए उन्होंने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन यानी सिंटा से संपर्क किया है।

शरद कपूर ने अपील करते हुए कहा कि इस समय उन्हें संगठन के समर्थन की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैसा इस समय कोई समस्या नहीं है, बल्कि मुख्य बात यह है कि वह फिर से काम शुरू करना चाहते हैं। कठिन समय में मानसिक सहयोग मिलने से उन्हें बड़ी ताकत मिलेगी।

नब्बे के दशक में 'दस्तक', 'तमन्ना', 'जोश' और 'खौफ' जैसी फिल्मों में अपने नकारात्मक और दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले शरद कपूर का लुक और स्वास्थ्य अब काफी बदल चुका है। अब यह देखना होगा कि निर्देशक और निर्माता अभिनेता की इस गुहार पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।