RASHTRIX 24X7 NEWS

मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर

बेल्ट टूटने के कारण बच गया, अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पोस्ट की बताई असली वजह

जान से मारने की धमकियों के बीच सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन के 'बच गए' वाले पोस्ट को लेकर फैली गलतफहमी को खुद अभिनेता ने दूर कर दिया है।

पिछले एक महीने में अभिनेता अमिताभ बच्चन को लगातार जान से मारने की धमकियां मिली हैं। कभी बिश्नोई गैंग द्वारा उनके जुहू स्थित बंगले 'जलसा' को उड़ाने की धमकी दी गई, तो कभी खालिस्तानी आतंकवादियों की साजिश की खबरें सामने आईं। इन धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। इस माहौल के बीच अभिनेता ने सोशल मीडिया पर 'बच गए' लिखा था, जिससे तमाम तरह के कयास लगाए जाने लगे थे।

सोमवार को खालिस्तानी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी। इसके चौबीस घंटे के भीतर 'सिख्स फॉर जस्टिस' के सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अभिनेता के बंगले के बाहर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। पन्नू की इस चेतावनी के बाद अभिनेता के पुराने पोस्ट को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

आखिरकार अमिताभ बच्चन ने खुद इस पोस्ट का असली कारण सबके सामने स्पष्ट कर दिया। एक नए पोस्ट में उन्होंने बताया कि 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग के दौरान उनकी पैंट की बेल्ट टूट गई थी, जिसके बाद उन्हें काम चलाने के लिए नाड़े (डोरी) का इस्तेमाल करना पड़ा। उन्होंने इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर वह मजेदार टिप्पणी की थी।