RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

बांग्लादेश में एक और अभिनेता गिरफ्तार, टेली स्टार तमाल महबूब हिरासत में

प्रतिबंधित दल से जुड़े होने और भड़काऊ गतिविधियों के आरोप में बांग्लादेश के लोकप्रिय अभिनेता तमाल महबूब को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

बांग्लादेश में प्रतिबंधित राजनीतिक दल के साथ संबंध होने के आरोप में पुलिस ने एक और अभिनेता को हिरासत में लिया है। गुरुवार रात को ढाका के अजीमपुर स्थित उनके आवास से छोटे पर्दे के जाने-माने अभिनेता तमाल महबूब को उठाया गया। इसके बाद उन्हें मिंटो रोड पर स्थित डीबी कार्यालय में ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, उन पर प्रतिबंधित अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क रखने तथा भड़काऊ गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे पहले बुधवार रात को अभिनेत्री ज्योतििका ज्योति को भी इसी तरह के आरोपों में पकड़ा गया था। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश लौटने की चर्चा के बाद से वहां स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई है। ढाका के विभिन्न हिस्सों में बसों में आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं सामने आई हैं। पिछली सरकार के पतन के बाद एक व्हाट्सएप ग्रुप को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके जरिए दोनों कलाकारों के जुड़े होने का संदेह जताया जा रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।