RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

असम सचिवालय में नया ड्रेस कोड लागू, जींस और चप्पल पर प्रतिबंध

असम सरकार ने राज्य सचिवालय के कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया है, जिसके तहत जींस, टी-शर्ट और चप्पल पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

असम सरकार ने राज्य सचिवालय में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक नया ड्रेस कोड लागू किया है। जनता भवन में काम करने वाले कर्मचारी अब कार्यालय में जींस, टी-शर्ट या चप्पल पहनकर नहीं आ सकते हैं। राज्य प्रशासन के अनुसार, यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि कुछ कर्मचारी ऐसी पोशाक पहनकर आ रहे थे जो उचित नहीं थी और इससे सरकारी कर्मचारियों की छवि खराब हो रही थी। शालीनता और पेसेवर आचरण बनाए रखने के लिए यह नई गाइडलाइन जारी की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में पुरुष कर्मचारियों के लिए फॉर्मल ट्राउज़र और शर्ट, या कुर्ता, धोती और पाजामा जैसे पारंपरिक भारतीय परिधान पहनने की अनुमति दी गई है। महिला कर्मचारियों को साड़ी, सलवार या मेखेला पहनने की सलाह दी गई है। लेगिंग्स, जींस और टी-शर्ट पहनने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, कर्मचारियों को साफ और हल्के रंग के कपड़े तथा कार्यालय के अनुकूल जूते पहनने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह नियम शुक्रवार से लागू कर दिए गए हैं।