RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

ऑस्ट्रिया ने डरबन टेस्ट से ही शुरू कर दिया था बॉल टेम्परिंग, डीविलियर्स का दावा

एबी डीविलियर्स ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया ने केपटाउन टेस्ट से बहुत पहले डरबन टेस्ट से ही बॉल टेम्परिंग शुरू कर दी थी।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डीविलियर्स ने आठ साल पुराने कुख्यात 'सैंडपेपर गेट' विवाद पर खुलकर बात करते हुए दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया ने 2018 के केपटाउन टेस्ट से काफी पहले, सीरीज के पहले डरबन टेस्ट से ही गेंद से छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया था।

हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सेबर' के आने के बाद यह पुराना विवाद फिर से तूल पकड़ गया है। ख्वाजा का दावा है कि केपटाउन की घटना में केवल स्टीव स्मिथ, कैमरून बैनक्रॉफ्ट और डेविड वॉर्नर को दोषी ठहराया गया, जबकि पूरी टीम इस साजिश में शामिल थी। ख्वाजा के इस दावे के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में आंतरिक कलह शुरू हो गई है। एक तरफ वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट ने ख्वाजा का समर्थन किया है, तो दूसरी तरफ पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने इन दावों को खारिज कर दिया है।

इन तमाम विवादों के बीच डीविलियर्स ने सोमवार को अपने पॉडकास्ट में कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने डरबन टेस्ट में ही गेंद से छेड़छाड़ की थी। उन्होंने याद किया कि डरबन में मैच हारने के दौरान जिस अजीब समय पर गेंद रिवर्स स्विंग होने लगी थी, वह सामान्य नहीं था। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी का दावा है कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम इस योजना से जुड़ी थी और हर कोई इसके बारे में जानता था।