कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
बिहार की बिजली कंपनी के खाते से धोखाधड़ी, कोलकाता में बैंक मैनेजर फंसा
बिहार की एक बिजली कंपनी के खाते से फर्जी चेक के जरिए करोड़ों रुपये उड़ाने के आरोप में बैंक मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है।
बिहार की एक बिजली कंपनी के बैंक खाते से लगभग पौने तीन करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। इस सिलसिले में उत्तर कोलकाता के जोड़ाबागान थाने में एक सरकारी बैंक की पोस्ता शाखा के मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पटना की शास्त्रीनगर शाखा में बिजली कंपनी का खाता मौजूद है। आरोप है कि पोस्ता शाखा के मैनेजर ने षड्यंत्र रचकर उस खाते की गुप्त जानकारी, चेक का विवरण और नमूना हस्ताक्षर हासिल किए। इसके बाद ये सारी जानकारियां अपने सहयोगियों तक पहुंचाई गईं।
बीती ८ अक्टूबर से ३१ अक्टूबर के बीच ५६ फर्जी चेक के जरिए खाते से कुल २,७२,७१,५०० रुपये निकाल लिए गए। बाद में इस रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। बिजली कंपनी के अधिकारियों को मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने जोड़ाबागान थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, उसका पता लगाया जा रहा है। जांच के सिलसिले में आरोपी बैंक मैनेजर को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।