RASHTRIX 24X7 NEWS

कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर

बरानगर युवती हत्याकांड, दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार

बरानगर में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने दिल्ली से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसे शुरुआती जांच में रिश्तों के विवाद से जोड़ा जा रहा है।

पुलिस ने बरानगर में युवती अंजलि साव की हत्या के मामले में धर्मबीर कुमार नामक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को बरानगर के एक बंद फ्लैट से युवती का शव बरामद किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के साथ मृतका का लंबे समय से संबंध था और दोनों मिलकर पबजी गेम खेलते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या आपसी रिश्तों में खटास के कारण की गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे अंजलि इमारत में दाखिल हुईं और उसके बाद धर्मबीर भी वहां गया। शाम करीब चार बजे आरोपी वहां से निकल गया, लेकिन अंजलि बाहर नहीं आईं, जिसके बाद बंद कमरे से उनका शव मिला। पुलिस को पता चला कि धर्मबीर रविवार को कोलकाता आया था और दक्षिणेश्वर के एक गेस्ट हाउस में ठहरा था। मंगलवार को वह गेस्ट हाउस से निकलकर हावड़ा स्टेशन से विभूति एक्सप्रेस पकड़कर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। मुगलसराय स्टेशन पहुंचकर उसने मृतका का फोन स्विच ऑफ कर दिया था। मृतका के व्हाट्सएप नंबर से उसके परिवार को कई संदिग्ध संदेश और कॉल किए गए थे। गुरुवार को पुलिस ने दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन के पास से आरोपी को दबोच लिया। हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है.