RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले मैच में कर्नाटक से हारी बंगाल की टीम

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले मैच में सुदीप घरामी और शाहबाज अहमद के अर्धशतक भी बंगाल को जीत नहीं दिला सके।

सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के अपने पहले मुकाबले में बंगाल को कर्नाटक के खिलाफ १९ रनों से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अभिमन्यु ईश्वरन की अगुवाई वाली बंगाल टीम को हार मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने निर्धारित बीस ओवरों में १८४ रन बनाए। कर्नाटक के लिए करुण नायर ने ३५ गेंदों में ५३ रन बनाए, जबकि प्रवीण दुबे १५ गेंदों में ३० रन बनाकर नाबाद रहे। बंगाल की ओर से सयान घोष सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने पिता के निधन के बाद शोक से उबरकर २८ रन देकर ४ विकेट झटके। हालांकि, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार काफी महंगे साबित हुए। शमी ने ४ ओवरों में ५६ रन देकर १ विकेट लिया, जबकि मुकेश ने ४५ रन खर्च कर २ विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगाल की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। २४ रन पर ४ विकेट गंवाने के बाद सुदीप कुमार घरामी और शाहबाज अहमद ने पारी को संभाला। सुदीप ने ४२ गेंदों में ६५ रनों की पारी खेली, जबकि शाहबाज ने ३७ गेंदों में ५६ रन बनाए। दोनों ने अपनी पारियों में चार-चार छक्के जड़े। हालांकि, उनके आउट होने के बाद बंगाल की पारी बिखर गई और टीम निर्धारित ओवरों में १६५ रन ही बना सकी।