RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

पोखरण में सफल परीक्षण, भारतीय सेना को जल्द मिलेगा नया ड्रोनरोधी हथियार

स्वदेशी रूप से विकसित ड्रोनरोधी प्रणाली भार्गवास्त्र का पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण किया गया है।

भारतीय सेना को शत्रु के ड्रोन हमलों से निपटने के लिए नई प्रणाली मिलने जा रही है। स्वदेशी तकनीक से विकसित काउंटर-सोवार्म ड्रोन प्रणाली 'भार्गवास्त्र' का राजस्थान के पोखरण में सफल परीक्षण किया गया है। सफल परीक्षण के बाद इस उपकरण को जल्द ही सेना में शामिल किया जाएगा।

सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड ने बताया कि गत २० से २४ नवंबर के बीच पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में इसका परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान ड्रोन के झुंड को निशाना बनाकर कई रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइल दागी गईं। कंपनी का दावा है कि सभी हथियारों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों पर सटीक निशाना लगाया। यह प्रणाली एक साथ कई शत्रु ड्रोनों की पहचान करने, उनका पीछा करने और उन्हें नष्ट करने में सक्षम है।

इस रक्षा प्रणाली में दो स्तर हैं। पहले स्तर पर चौंसठ ट्यूबों वाला एयर डिफेंस रॉकेट लॉन्चर है और दूसरे स्तर पर इतने ही गाइडेड माइक्रो-मिसाइल हैं जिनमें स्वचालित मार्गदर्शन और इन्फ्रारेड सीकर लगे हैं। शत्रु ड्रोन का पता लगाने के लिए दस किलोमीटर तक की रेंज वाला रडार, आरएफ डिटेक्टर और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल या इन्फ्रारेड सेंसर का उपयोग किया गया है।

यह उपकरण रक्षा मंत्रालय की मेक-टू परियोजना के तहत भारतीय सेना की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना की निर्धारित समयसीमा ३१ मार्च २०२७ है, जिसके बाद प्रोटोटाइप प्रदर्शन किया जाएगा।