दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर
सिंध प्रांत को तोड़ने की कोशिश हुई तो कराची में बहेगी खून की नदी: बिलावल
पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने चेतावनी दी है कि सिंध प्रांत को जबरन तोड़ने का प्रयास किया गया तो कराची में भारी हिंसा भड़केगी।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने दावा किया है कि सिंध प्रांत को तोड़ने की सोची-समझी साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना प्रमुख के करीबी माने जाने वाले गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सिंध को विभाजित कर एक नया प्रांत बनाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा कोई भी जबरन कदम उठाया गया, तो कराची में खून की नदियां बह जाएंगी। शाहबाज शरीफ सरकार का हिस्सा होने के बावजूद बिलावल के इस तेवर से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
इससे पहले कराची प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान बिलावल ने देश के राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हर प्रधानमंत्री को जेल जाना पड़ता है और यह राजनीतिक बदले की भावना कब तक चलेगी। उन्होंने कहा कि 1947 में देश के गठन के बाद से लगभग हर शासक को जेल की हवा खानी पड़ी है। इसके साथ ही उन्होंने इमरान खान की पार्टी पीटीआई को राजनीतिक प्रक्रिया में शामिल करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि हालांकि पीटीआई ने भी गलतियां की हैं, लेकिन राजनीतिक सहमति बनाने के लिए विपक्ष के साथ चर्चा जरूरी है।
सिंध के विभाजन का जिक्र करते हुए बिलावल ने स्पष्ट कहा कि अगर प्रांत को जबरन अलग किया गया, तो समाज में विभाजन पैदा होगा और खतरनाक हालात बन जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में कराची में खून की बाढ़ आ जाएगी, जो वे नहीं देखना चाहते।