RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

पश्चिम बंगाल के स्कूलों में बायोमेट्रिक हाजिरी, २ जनवरी से नया नियम लागू

पश्चिम बंगाल के स्कूलों में अगले साल २ जनवरी से बायोमेट्रिक पद्धति के जरिए शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

पश्चिम बंगाल का स्कूल शिक्षा विभाग राज्य के स्कूलों में एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अगले साल २ जनवरी से स्कूलों में बायोमेट्रिक पद्धति के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट इसी दिसंबर महीने से शुरू हो जाएगा। अब तक शिक्षकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रजिस्टरों में दर्ज की जाती थी। इस नई प्रणाली में फेस रिकग्निशन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली केवल छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों के लिए भी लागू होगी। इसके तहत प्रत्येक छात्र की तस्वीर ली जाएगी। यह व्यवस्था लागू होने के बाद छात्रों की उपस्थिति की जानकारी न केवल स्कूल को, बल्कि तुरंत विकास भवन तक भी पहुंच जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि क्लास की शुरुआत में रोल कॉल करने की पारंपरिक प्रक्रिया में काफी समय नष्ट होता है। नई प्रणाली शुरू होने से इस समय की बचत होगी। उल्लेखनीय है कि राज्य के सरकारी स्कूलों में कुल १ करोड़ ६० लाख छात्र-छात्राएं हैं और ४ लाख सरकारी शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं।