पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
मालदा में कार्तिक पूजा के कार्यक्रम को लेकर हुई झड़प, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की मौत
मालदा के हबीबपुर में कार्तिक पूजा के कार्यक्रम को लेकर हुए विवाद के बाद एक भाजपा नेता की मौत हो गई।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हबीबपुर में कार्तिक पूजा के एक कार्यक्रम के दौरान हुई तीखी बहस और हाथापाई के बाद एक भाजपा नेता की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन मंडल के रूप में हुई है, जो भाजपा के मालदा नंबर एक मंडल के उपाध्यक्ष थे।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हबीबपुर में कार्तिक पूजा के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था। बहस और धक्का-मुक्की के बाद नेता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते कार्तिक पूजा के आयोजन को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।