RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप विवाद, भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच बायकॉट करने की दी धमकी

एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को विजेता घोषित किए जाने के विरोध में भारत ने समारोह का बहिष्कार किया और भविष्य में मैच न खेलने की धमकी दी।

बांग्लादेश में आयोजित ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को विजेता घोषित किए जाने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बारिश के कारण फाइनल मुकाबला रद्द हो गया था, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को चैंपियन घोषित कर दिया गया। इसके विरोध में भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने पुरस्कार वितरण समारोह का बहिष्कार किया। भारत ने चेतावनी दी है कि यदि इस विवाद का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं खेला जाएगा।

ढाका में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे, लेकिन बारिश की वजह से खेल पूरा नहीं हो सका। नियमों के अनुसार ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था। हालांकि, वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने कथित तौर पर तकनीकी समिति के इस सुझाव को खारिज कर दिया और पाकिस्तान को विजेता घोषित करवा दिया।

भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ के अधिकारियों और खिलाड़ियों ने इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि नियमों का उल्लंघन किया गया है और फाइनल के लिए अतिरिक्त दिन होना चाहिए था। पक्षपात के आरोपों के बीच भारतीय टीम ने विरोध प्रदर्शन किया और भविष्य में पाकिस्तान के साथ मैच खेलने का बहिष्कार करने की धमकी दी है।