मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर
मुश्किल समय में अभिनेता शरद कपूर के साथ आए शाहरुख और सलमान
बेरोजगारी और बीमारी से जूझ रहे अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए शाहरुख खान, सलमान खान और सोनू सूद सहित कई बॉलीवुड सितारे आगे आए हैं।
काम की कमी और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए बॉलीवुड के कई कलाकार आगे आए हैं। एक हालिया साक्षात्कार में शरद ने बताया कि सुपरस्टार शाहरुख खान, सलमान खान, सोनू सूद, गीतकार जावेद अख्तर और राजपाल यादव जैसे दिग्गजों ने उनसे संपर्क किया है और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
'ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन' ने पहले ही बताया था कि सलमान खान ने शरद को आर्थिक मदद की पेशकश की है। वहीं, सोनू सूद उनके इलाज के अलावा उनके घर की पेंटिंग कराने का वादा भी कर चुके हैं। शरद ने बताया कि उनके दोस्त अरमान कोहली और कुछ पत्रकार मित्रों ने भी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था कराने में मदद की है।
जीवन के इस कठिन दौर में शरद ने ज्योतिष का भी सहारा लिया है। उन्होंने तनय शास्त्री से दीक्षा ली है और उन्हें अपना गुरु माना है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में हर कदम अपने गुरु की अनुमति से ही उठाएंगे।