RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

वंदे भारत ट्रेन के खाने में मिला नट, रेलवे ने की कार्रवाई

बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत ट्रेन के खाने में एक यात्री को नट मिला, जिसके बाद आईआरसीटीसी ने कार्रवाई की है।

बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री को खाने के अंदर नट मिलने की शिकायत सामने आई है। इस घटना के बाद रेलवे कैटरिंग सर्विस ने संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

यात्री समर्थ कोडियाल ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें परोसे गए वड़े के अंदर एक बड़ा नट मिला। उन्होंने ट्रेन में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर चिंता जताई और मामले की जांच करने का आग्रह किया। उनके द्वारा साझा की गई तस्वीर और वीडियो में एक प्लेट में आधा खाया हुआ वड़ा और उसके पास एक नट दिखाई दे रहा है। नट मिलने की इस शिकायत के जवाब में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन ने असुविधा के लिए खेद जताया है। आईआरसीटीसी ने बताया कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा रसोई कर्मचारियों को मानक प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।