कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
हावड़ा में पेड़ों की लंबी उम्र के लिए बोनफोटा, अभया को किया गया याद
हावड़ा में पेड़ों की लंबी आयु के लिए बोनफोटा का आयोजन किया गया, जहां पर्यावरण कार्यकर्ता सुभाष दत्त ने अभया को भी याद किया।
भाई फोटा के अगले दिन पर्यावरण कार्यकर्ता सुभाष दत्त ने हावड़ा के तेलकलघाट में पेड़ों की लंबी उम्र की कामना करते हुए बोनफोटा का आयोजन किया। इस दौरान कई महिला पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने नागा बाबा आश्रम के एक बरगद के पेड़ को चंदन का टीका लगाया और उसकी रक्षा की प्रार्थना की। इस कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने शंख बजाया और उल्लास व्यक्त किया।
सुभाष दत्त ने बताया कि इस अनोखे आयोजन का उद्देश्य प्रकृति और इंसानों के बीच के रिश्ते को मजबूत करना तथा पेड़ों की कटाई एवं जलाशयों को भरने से रोकना है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में हरियाली को नष्ट किया जा रहा है।
इस पर्यावरण पहल के साथ ही आर जी कर अस्पताल की घटना में जान गंवाने वाली डॉक्टर अभया को भी याद किया गया। सुभाष दत्त ने कहा कि आम लोग इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष न्याय चाहते हैं।