RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

दहेज में गाड़ी मांगने पर, वधू पक्ष ने खिलौना कार देकर तोड़ी शादी

उत्तर प्रदेश के मेरठ में दहेज में गाड़ी की मांग से नाराज वधू पक्ष ने दूल्हे के पिता को खिलौना कार देकर शादी रद्द कर दी।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे के परिवार द्वारा दहेज में गाड़ी की मांग करने पर वधू पक्ष ने अनोखा कदम उठाया। लड़की वालों ने गाड़ी देने के बजाय लड़के के पिता को एक प्लास्टिक की खिलौना कार थमा दी और रिश्ता खत्म कर दिया। यह घटना सोलाना गांव में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पांच महीने पहले दोनों परिवारों की सहमति से सोलाना गांव की एक युवती और ज्ञानपुर गांव के एक युवक का रिश्ता तय हुआ था। शनिवार को लड़की के घर पर पक्की की रस्म का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लड़के पक्ष के लोग पहुंचे थे। भोजन के दौरान अचानक लड़के के पिता ने दहेज में एक थार गाड़ी देने की मांग कर दी।

ऐसी मांग सुनकर लड़की वाले हैरान रह गए। हालांकि, उस समय उन्होंने कोई विरोध नहीं किया। लेकिन जब लड़के पक्ष के लोग वापस जाने लगे, तब लड़की के परिवार ने उन्हें एक पीली प्लास्टिक की खिलौना गाड़ी थमा दी और साफ कह दिया कि वे यह शादी नहीं करेंगे।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें लड़के पक्ष के एक व्यक्ति को खिलौना गाड़ी लेते हुए देखा जा सकता है। लड़की पक्ष के इस कदम की लोग सराहना कर रहे हैं।