RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

फेडरेशन चुनाव में चुने गए ब्रूणु और आंचेरी, बाईचुंग ने नहीं लड़ा चुनाव

ब्रूनो कुटिन्हो और जो पॉल आंचेरी सहित चार पूर्व फुटबॉलर महासंघ के लिए चुने गए, जबकि बाईचुंग भूटिया ने चुनाव से दूरी बनाई।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट के चार सीटों के लिए हुए चुनाव में ब्रूनो कुटिन्हो, जो पॉल आंचेरी, बेंटेला डीसूजा और ओइनाम बेमबेम देवी चुने गए हैं। चालीस पूर्व फुटबॉलरों ने इस चुनाव में मतदान किया। ये चारों पूर्व खिलाड़ी आगामी २० दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले महासंघ के कार्यकारी समिति के चुनाव में मतदान करेंगे।

मतदाताओं की सूची में बाईचुंग भूटिया और आईएम विजयन जैसे पूर्व सितारे भी शामिल थे, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। उनका मानना था कि बार-बार एक ही व्यक्ति समिति में रहने के बजाय दूसरों को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने करीबी हलकों में कहा कि भारतीय फुटबॉल की किसी भी समस्या के लिए वे उपलब्ध रहेंगे।

इन चार पदों के लिए कुल नौ पूर्व खिलाड़ियों ने नामांकन दाखिल किया था। अन्य उम्मीदवारों में यू शर्फ अली, मुश्ताक अली, शुक्ला दत्ता, कल्पना दास और श्रद्धांजली सामंतराय शामिल थे। चुनाव अधिकारी राजीव शर्मा ने शर्फ अली और श्रद्धांजली के नाम वापस लेने के अनुरोध को खारिज कर दिया।