RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

कलकत्ता हाईकोर्ट का इतिहास, पोर्ट ब्लेयर में बैठेगी मुख्य न्यायाधीश की बेंच

कलकत्ता हाईकोर्ट के इतिहास में यह पहली बार है जब मुख्य न्यायाधीश पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में सुनवाई करेंगे।

कलकत्ता हाईकोर्ट के इतिहास में पहली बार मुख्य न्यायाधीश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में मामलों की सुनवाई करेंगे। अदालत के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी घुगे और न्यायमूर्ति कृष्णा राव की बेंच 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक पोर्ट ब्लेयर में बैठेगी। देश की स्वतंत्रता के बाद यह पहला अवसर है जब कलकत्ता हाईकोर्ट का कोई मुख्य न्यायाधीश पोर्ट ब्लेयर जा रहा है। इन चार दिनों के दौरान कलकत्ता में मुख्य न्यायाधीश की मुख्य बेंच नहीं बैठेगी। वर्ष 1861 के अधिनियम के तहत स्थापित कलकत्ता हाईकोर्ट देश का सबसे पुराना उच्च न्यायालय है जिसके अधिकार क्षेत्र में अंडमान और निकोबार की न्यायव्यवस्था आती है। वर्ष 1953 में पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच की शुरुआत होने के लगभग 73 साल बाद पहली बार कोई मुख्य न्यायाधीश वहां मामलों की सुनवाई करेंगे। कलकत्ता हाईकोर्ट की एक अन्य सर्किट बेंच जलपाईगुड़ी में भी स्थित है।