पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
डीजे वाले बयान पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने बढ़ाई अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा
कलकत्ता हाई कोर्ट ने डीजे वाले टिप्पणी मामले में अभिषेक बनर्जी की अंतरिम सुरक्षा आगामी उनतीस जनवरी तक बढ़ा दी है।
विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान डीजे के इस्तेमाल को लेकर दिए गए बयानों के कारण तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ बागुईआटी पुलिस स्टेशन में भड़काऊ भाषण देने और शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने इस मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट में अपनी अंतरिम सुरक्षा बढ़ाने की गुहार लगाई थी। शुक्रवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में इस मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने नेता के बयानों पर गहरी नाराजगी जताई।
न्यायूर्ति ने टिप्पणी की कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की बातें कहना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। अदालत ने सवाल किया कि न्यायपालिका की आलोचना क्यों की जा रही है, जबकि फैसलों के खिलाफ ऊपरी अदालतों में अपील करने का विकल्प मौजूद है। वहीं, राज्य सरकार के वकील ने अदालत को बताया कि आरोपी लगातार न्यायिक व्यवस्था की आलोचना कर रहे हैं। जांच की प्रगति के बारे में पूछने पर राज्य की ओर से बताया गया कि आरोपी का आवाज का नमूना लिया जा चुका है और वह मेल खा गया है। अदालत ने जांच पूरी कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश देते हुए अंतरिम सुरक्षा आगामी उनतीस जनवरी तक बढ़ा दी है।