RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस, पासपोर्ट में विसंगतियों का केंद्र ने किया दावा

पासपोर्ट में विसंगतियों का हवाला देते हुए केंद्र ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास के खिलाफ प्रशासन ने लुकआउट नोटिस जारी किया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली उच्च न्यायालय को यह जानकारी दी है। केंद्र का दावा है कि पासपोर्ट में जानकारी की विसंगतियों के कारण यह कदम उठाया गया है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने न्यायमूर्ति अमित महाजन को बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को यह नोटिस जारी किया था।

इससे पहले, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए विदेश यात्रा के दौरान सौरव को हवाई अड्डे पर रोक दिया गया था। इस घटना के बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान केंद्र ने लुकआउट नोटिस की बात सामने रखी। केंद्र सरकार का कहना है कि 20 अगस्त को पुडुचेरी के पुलिस अधीक्षक की जांच में सौरव के पासपोर्ट विवरण में कई विसंगतियां पाई गईं। इनमें पिता का नाम खाली छोड़ना और पते में अंतर शामिल है। कुछ दस्तावेजों में दिल्ली का पता है, जबकि अन्य में पुडुचेरी का उल्लेख है।

केंद्र ने यह भी बताया कि 23 नवंबर को सौरव को एक कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। उन्हें 30 नवंबर तक जवाब देने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने के बजाय अदालत का रुख किया। हालांकि, केंद्र ने अदालत को बताया कि उनका पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है।

इस बीच, पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने इस घटना की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंटरनेट पर सौरव के पासपोर्ट की प्रतियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी दस्तावेज कैसे लीक हुए।