RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

सीताराम जपकर संभाला था दबाव, बोले वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ अंतिम गेंद पर मिली जीत के बाद आर्यवीर सहवाग ने दबाव से निपटने का अपना अनुभव साझा किया।

पाकिस्तान को हराकर भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में आखिरी गेंद पर मिली रोमांचक जीत के बाद पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अपने अनुभव साझा किए। अपने पिता के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान आर्यवीर ने बताया कि फाइनल के आखिरी ओवर में भारी दबाव के बीच खुद को शांत रखने के लिए वे लगातार 'सीताराम' का जाप कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विपक्षी समर्थकों की गैलरी से 'सहवाग, सहवाग' के नारे सुनकर उन्हें हैरानी हुई थी। 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की और नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी जीती। फाइनल मैच में आर्यवीर ने 61 गेंदों पर 58 रनों की जिम्मेदारी भरी पारी खेली।

पूरी प्रतियोगिता में उनका बल्ला शानदार फॉर्म में रहा। उन्होंने पांच पारियों में 90.25 की औसत से 361 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ खेली गई 160 रनों की पारी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रही। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।