मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर
नेटफ्लिक्स पर फवाद-माहिरा की सीरीज, भारत में बैन करने की मांग
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में स्ट्रीम न किया जाए।
नेटफ्लिक्स पर जल्द ही पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' रिलीज होने वाली है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि इस सीरीज को भारत में प्रसारित न किया जाए। यह सीरीज ४ दिसंबर को रिलीज होने वाली है।
२४ नवंबर को सीरीज का ट्रेलर जारी होने के बाद से ही दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्सुकता है। इस वेब सीरीज में अभिनेता फवाद खान और माहिरा खान नजर आएंगे, हालांकि वे एक-दूसरे के विपरीत भूमिका में नहीं हैं। फरहत इश्तियाक के उर्दू उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों को दिखाया गया है।
सीरीज में फवाद और माहिरा के अलावा अहद रजा मीर, हानिया आमिर, सनम सईद और इकरा अजीज जैसे कलाकार भी हैं। कहानी सिकंदर नाम के एक वकील के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने अतीत के बोझ से जूझ रहा है। इसके साथ ही महमूद और राहत जैसे किरदारों के जीवन के विभिन्न पहलू भी सामने आए हैं।
भारत में यह सीरीज दिखाई जाएगी या नहीं, इस पर नेटफ्लिक्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सिने वर्कर्स संगठन की आपत्ति के बाद इसे लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।