RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

कॉग्रेस नेता ने करीना कपूर को भेजा कानूनी नोटिस, पेंडेंट पर जताई आपत्ति

एक कांग्रेस नेता ने प्राचीन पेंडेंट पर पवित्र आयतें होने के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान को कानूनी नोटिस भेजा है।

बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान को मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस नेता ने कानूनी नोटिस भेजा है। आरोप है कि दीवाली के जश्न के दौरान अभिनेत्री द्वारा पहने गए एक प्राचीन पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयतें उकेरी गई थीं, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

कांग्रेस नेता और सामाजिक कार्यकर्ता अब्बास हफीज ने अपने वकील के माध्यम से यह नोटिस भेजा है। करीना ने हाल ही में दीवाली पार्टी की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की थीं, जिनमें वह शाही परिवार के आभूषण पहने नजर आ रही थीं।

विवाद लगभग चार सौ साल पुराने पेंडेंट को लेकर है, जिसमें आयत-उल-कुर्सी खुदी हुई है। अब्बास हफीज का दावा है कि भोपाल के शाही परिवार का यह ऐतिहासिक आभूषण धार्मिक उद्देश्यों के लिए बनवाया गया था, न कि फैशन के लिए।

शिकायतकर्ता ने कहा है कि इस तरह पवित्र आयतों का प्रदर्शन करना मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने अभिनेत्री से सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है, साथ ही ऐसा न करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।