RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

पश्चिम बंगाल: आगामी निकाय चुनाव में कांग्रेस और वामदल के गठबंधन की सुगबुगाहट

आगामी नगर निकाय चुनावों में अकेले लड़ने के बजाय सीपीआई (एम) के साथ गठबंधन करने को लेकर प्रदेश कांग्रेस के भीतर चर्चा तेज हो गई है।

पश्चिम बंगाल में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अकेले लड़ने के अपने फैसले पर पुनर्विचार शुरू कर दिया है। पार्टी के भीतर वाम दलों, विशेषकर सीपीआई (एम) के साथ गठबंधन करने की मांग जोर पकड़ रही है। इस सिलसिले में विधान भवन में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने एक लंबी बैठक की, जिसमें राज्य प्रभारी प्रकाश जोशी और प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार समेत कई नेता शामिल हुए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनावों में सम्मानजनक प्रदर्शन के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता है, जो फिलहाल वाममोर्चा के पास है। इससे पहले सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम भी इस दिशा में संकेत दे चुके हैं। नेताओं का मानना है कि अकेले चुनाव लड़ने से बेहतर परिणाम की संभावना कम है।

कांग्रेस नेताओं का यह भी कहना है कि शहरी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और विभिन्न वर्गों के मतदाताओं को जोड़ने के लिए वाम दलों के साथ तालमेल फायदेमंद हो सकता है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन पार्टी के भीतर इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।