RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

क्रिकेटर रिंकू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शादी का दिया न्योता

क्रिकेटर रिंकू सिंह ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें ४ दिसंबर को होने वाली अपनी शादी का निमंत्रण दिया।

क्रिकेटर रिंकू सिंह आगामी ४ दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर जाकर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया। रिंकू के साथ उनकी मां, भाई और बहन भी मौजूद थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री को विवाह का कार्ड सौंपा। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी रिंकू के परिवार ने न्योता दिया था।

विवाह समारोह ४ दिसंबर को लखनऊ के एक आलीशान होटल में आयोजित होगा। इसमें दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी शामिल होंगे। रिंकू और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई पिछले साल जून में हुई थी। लगभग डेढ़ साल बाद अब दोनों विवाह करने जा रहे हैं। प्रिया के पिता तूफानी सरोज भी समाजवादी पार्टी से विधायक हैं।

प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी के टिकट पर मछलीशहर सीट से लोकसभा सांसद हैं। एक तरफ जहां रिंकू ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रित किया है, वहीं उनकी पत्नी और ससुर विपक्षी दल के जनप्रतिनिधि हैं। उत्तर प्रदेश में कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।