पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
क्रेडिट कार्ड और लिंक के नाम पर साइबर ठगी, कलकत्ता में दो लोगों के खाते से उड़े रुपये
कोलकाता के बालीगंज और बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने क्रेडिट कार्ड और फर्जी लिंक के बहाने दो लोगों से लाखों की ठगी की।
कोलकाता में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जहां ठगों ने क्रेडिट कार्ड दिलाने और फर्जी लिंक के जरिए दो लोगों के बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बालीगंज के लोअर रोडन स्ट्रीट के एक निवासी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और खुदको निजी बैंक का कर्मचारी बताया। कॉलर ने आसानी से प्रीमियम क्रेडिट कार्ड दिलाने का झांसा देकर अन्य बैंकों के डेबिट कार्ड की जानकारी मांग ली। पीड़ित ने तीन अलग-अलग बैंकों के डेबिट कार्ड के नंबर साझा कर दिए, जिसके बाद ठगों ने उनके तीनों खातों से कुल 1,49,999 रुपये निकाल लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने बालीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, पूर्वी कोलकाता के बेनियापुकुर इलाके के एक अन्य निवासी को साइबर अपराधियों ने एक लिंक भेजा था। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक ओटीपी आया। जब पीड़ित ने ओटीपी देने से मना कर दिया, तो ठगों ने व्हाट्सएप पर एक और लिंक भेजा और दावा किया कि इससे कोई नुकसान नहीं होगा। उस लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल फोन हैक कर लिया गया और दो बार में करीब 1,27,000 रुपये बैंक खाते से निकाल लिए गए। इसके बाद पीड़ित ने बेनियापुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।