RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आशंका, ओडिशा में अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र १६ नवंबर तक चक्रवात का रूप ले सकता है, जिसके चलते ओडिशा में सतर्कता बरती जा रही है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर १६ नवंबर की शाम तक चक्रवात में बदल सकता है। संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है और तटीय जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, १३ नवंबर की सुबह दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना था। उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए इसके १५ नवंबर तक और अधिक गहरा होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि १६ नवंबर की शाम तक यह मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात का रूप ले सकता है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इसके रास्ते या तट से टकराने की जगह के बारे में कोई अंतिम पूर्वज पूर्वानुमान जारी नहीं किया है।

संभावित स्थिति को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।

मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। १८ और १९ नवंबर को केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में भारी बारिश के लिए पीला अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा १९ और २० नवंबर को रायगढ़ा, गजपति, गंजम और पुरी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। बालासोर, भद्रक, कटक और अन्य जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने और ३० से ४० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

समुद्र की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को १७ नवंबर को दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। उस दिन तटीय इलाकों में हवा की गति ४५ से ५५ किलोमीटर प्रति घंटे और अधिकतम ६५ किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।