RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

दुर्गापुर में बदला गया फैसला, रामपुरहाट में मांस की दुकानें बंद रखने का निर्देश

पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में छठ पूजा के मद्देनजर मांस और मछली की दुकानें बंद रखने के निर्देश को लेकर विवाद पैदा हो गया।

दुर्गापुर के एक बाजार क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान मछली और मांस की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिए जाने का आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में विवाद उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह फरमान भाजपा की ओर से जारी किया गया था। इस निर्देश के विरोध में माकपा ने तीखा प्रदर्शन किया और कोकोवेन थाने जाकर ज्ञापन सौंपा। इसके कुछ ही घंटों के भीतर फैसला बदल लिया गया और प्रतिबंध हटा लिया गया। रविवार की सुबह दुर्गापुर स्टेशन बाजार इलाके में सभी दुकानें खुली रहीं और लोगों ने सुचारू रूप से खरीदारी की।

हालांकि, भाजपा ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी के जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल ने दावा किया कि उनकी पार्टी की ओर से बाजार बंद रखने का कोई आदेश नहीं दिया गया था और माकपा राजनीतिक लाभ के लिए झूठा प्रचार कर रही है। दूसरी ओर, माकपा के जिला समिति सदस्य सिद्धार्थ बसु ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के दबाव के कारण व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी थीं, जिसके बाद उनके विरोध प्रदर्शन के कारण रविवार को दुकानें फिर से खुल पाईं।

दूसरी घटना में बीरभूम के रामपुरहाट में नगरपालिका ने छठ पूजा के चलते मांस की दुकानें रविवार और सोमवार को बंद रखने का निर्देश दिया है। नगरपालिका के नोटिस में कहा गया है कि इन दो दिनों को छोड़कर अन्य दिनों में कटी हुई मांस को लाल कपड़े से ढककर रखना होगा। इस आदेश के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।