भारत · राष्ट्रिक्स वायर
पाकिस्तानी हनीट्रैप में फंसे वायुसेना के विंग कमांडर, दिल्ली पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी महिला के हनीट्रैप में फंसकर वायुसेना के गुप्त दस्तावेज और युद्ध योजनाएं लीक करने के आरोपी विंग कमांडर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी महिला के हनीट्रैप में फंसकर भारतीय वायुसेना की गोपनीय और सामरिक जानकारी साझा करने के आरोपी विंग कमांडर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश की गई है, जिसके बाद अब मामले में सुनवाई शुरू होगी।
पुलिस के अनुसार, गत एक अप्रैल को दिल्ली में आरोपी वायुसेना अधिकारी के आवास पर तलाशी ली गई थी, जहां से एक मोबाइल फोन और कई संदिग्ध सामग्री बरामद हुई थी। जांच में पता चला कि आरोपी अधिकारी की इस साल १२ जनवरी से एक अप्रैल तक एक पाकिस्तानी महिला से लगातार बातचीत हो रही थी।
आरोप है कि महिला द्वारा भेजे गए नग्न चित्रों और वीडियो कॉल के बदले में वायुसेना की युद्ध योजनाओं और संवेदनशील जानकारियों को पाकिस्तान तक पहुंचाया गया। पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया है कि सीमा पर युद्ध की स्थिति में वायुसेना के शुरुआती कदमों से जुड़ी गोपनीय जानकारी भी लीक की गई थी।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी को पाकिस्तान से कुछ खास लिंक भेजकर ऐप्स डाउनलोड करने को कहा गया था, जिसके जरिए उसके मोबाइल का सारा डेटा हैक किए जाने की आशंका है। आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।