RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

तारापीठ में रूस और यूक्रेन के श्रद्धालुओं ने की युद्ध समाप्ति की प्रार्थना

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने की प्रार्थना लेकर दोनों देशों के श्रद्धालुओं ने तारापीठ मंदिर में पूजा की।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर में रूस और यूक्रेन के श्रद्धालुओं ने दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के जल्द समाप्त होने की प्रार्थना की।

रविवार को काली पूजा के अवसर पर १५ श्रद्धालुओं का एक दल तारापीठ पहुंचा। इस दल में रूस और यूक्रेन, दोनों देशों के नागरिक मौजूद थे। आम भक्तों के साथ कतार में खड़े होकर उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना की और फिर माथे पर तिलक लगाकर मंदिर परिसर से बाहर निकले।

रूस के निवासी अजय गिरी ने बताया कि दल में शामिल श्रद्धालु सनातन धर्म को मानने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मां काली शक्ति की प्रतीक हैं और चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त कराने की कामना के साथ वे मां के दरबार में आए हैं।

अजय गिरी ने कहा कि उनके दल में रूस और यूक्रेन दोनों जगहों के लोग शामिल हैं। युद्ध के बजाय वे केवल शांति की प्रार्थना करने यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वे शक्ति और महादेव में विश्वास रखते हैं तथा कर्म और धर्म में आस्था रखते हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही दोनों देशों के बीच शांति बहाल होगी।

काली पूजा के मौके पर तारापीठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए थे। दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के बीच इन श्रद्धालुओं का एक साथ मिलकर पूजा करना आकर्षण का केंद्र रहा।