RASHTRIX 24X7 NEWS

मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर

धमकियों के बीच मुंबई में दिलजीत का कंसर्ट, गायक का जवाब

गायक दिलजीत दोसांझ ने मुंबई में अपने कंसर्ट के दौरान मिले बम से उड़ाने की धमकियों पर कड़ा संदेश दिया।

लगातार मिल रही धमकियों और विवादों के बीच गायक दिलजीत दोसांझ ने मुंबई में एक हाई-वोल्टेज कंसर्ट किया। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इससे पहले दिलजीत के मुंबई कंसर्ट को लेकर बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने कंसर्ट में मादक पदार्थों के सेवन का आरोप लगाते हुए शो रद्द करने की धमकी भी दी थी। तमाम चेतावनियों को दरकिनार करते हुए गायक ने मंच पर प्रस्तुति दी।

मंच से दिलजीत ने लगातार मिल रही बम से उड़ाने की धमकियों और साजिशों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें बम से उड़ाने की धमकियां इसलिए दी जा रही हैं ताकि लोग शो में न आएं और डर का माहौल बनाकर कंसर्ट बंद किया जा सके। हमले की धमकियों के बावजूद उन्होंने कहा कि वह इसके बदले में केवल प्यार ही देंगे। उन्होंने राहत इंदौरी की पंक्तियां कोट करते हुए कहा कि वह धमकियों के बावजूद प्यार ही बांटते रहेंगे।

इतनी धमकियों के बावजूद सफलतापूर्वक शो संपन्न होने पर दिलजीत ने मुंबई पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ थी और पुलिस ने सभी की जांच करने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी, जिसके लिए उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया।