भारत · राष्ट्रिक्स वायर
शर्त पूरी होने पर डेलिमिटेशन बिल का समर्थन कर सकती है डीएमके
शर्तें माने जाने पर एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके केंद्र सरकार के प्रस्तावित डेलिमिटेशन बिल का समर्थन कर सकती है।
केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन या डेलिमिटेशन बिल को लेकर एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने समर्थन का संकेत दिया है। हालांकि इसके लिए पार्टी की ओर से कुछ शर्तें रखी गई हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के रुख से उपजे घटनाक्रम के बीच डीएमके ने अपने रुख में बदलाव के संकेत दिए हैं।
दक्षिण भारत के दलों की मुख्य चिंता यह थी कि जनसंख्या के आधार पर सीटों के पुनर्निधारण से उत्तर भारत में लोकसभा सीटें अधिक बढ़ जाएंगी और दक्षिण का हिस्सा कम हो जाएगा। डीएमके सूत्रों के अनुसार, यदि सरकार लिखित रूप से यह आश्वासन देती है कि कुल सीटें बढ़ने के बावजूद लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी का अनुपात कम नहीं होगा, तो पार्टी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। वर्तमान में लोकसभा में कुल सीटों का ७.२ प्रतिशत हिस्सा तमिलनाडु के पास है। डीएमके के एक सांसद ने कहा कि वे पहले विधेयक का मसौदा देखेंगे और तमिलनाडु का हिस्सा सुरक्षित रखने का लिखित आश्वासन मिलने पर समर्थन पर विचार कर सकते हैं।
इससे पहले शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट ने भी विधेयक के समर्थन के संकेत दिए थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि डीएमके और शरद पवार का गुट अंततः सरकार का समर्थन करता है, तो संसद के दोनों सदनों में एनडीए के लिए डेलिमिटेशन बिल को पारित कराना काफी आसान हो जाएगा।