RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

नागेरबाज़ार में डॉक्टर का संदिग्द शव बरामद, परिवार ने हत्या का लगाया आरोप

नागेरबाज़ार में एक हॉस्टल से डॉक्टर का शव मिलने के बाद परिवार ने रैगिंग और हत्या की आशंका जताई है।

रविवार दोपहर नागेरबाज़ार इलाके के एक निजी हॉस्टल के कमरे से तीस वर्षीय एक डॉक्टर का फंदे से लटका हुआ शव मिला। मृतक अभिजीत सरकार एनआरएस मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र थे और नीट-पीजी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। अपनी मौत से पहले डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। परिवार का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था और यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक सुनियोजित अपराध हो सकता है।

मृतक के रिश्तेदार ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवार के अनुसार, घटना के दिन डॉक्टर ने फोन कर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी और यह भी बताया था कि उन्हें सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के लिए मजबूर किया जा रहा था। हॉस्टल के कुछ अन्य रहवासियों और स्थानीय लोगों ने अंदर से चीखने की आवाज सुनने का दावा किया है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। सोमवार शाम स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।