खेल · राष्ट्रिक्स वायर
ड्र के बाद एशियन कप के मुख्य दौर में पहुंची भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम
मलेशिया के खिलाफ गोलरहित मुकाबला खेलकर भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम ने एशियन कप के मुख्य दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
मलेशिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलकर भारतीय टीम ने एएफसी अंडर-17 एशियन कप के मुख्य दौर में प्रवेश कर लिया है। कोच मेहराजुद्दीन वादू के मार्गदर्शन में खेल रही भारतीय टीम ने मैच के दौरान शानदार रक्षात्मक प्रदर्शन करते हुए ग्रुप ई में शीर्ष स्थान हासिल किया।
मैच के शुरुआती क्षणों में ही भारत ने गोल करने का प्रयास किया। आठवें मिनट में राज सिंह और मुकुंद के तालमेल से बने मूव को मलेशियाई गोलकीपर ने रोक दिया। इसके बाद अठारहवें मिनट में भी भारत को मौका मिला। हालांकि, बीसवें मिनट में मलेशिया के नुर अजीम का शॉट गोल के करीब से बाहर निकल गया। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में हृषिकेश को पीला कार्ड दिखाया गया।
क्वालीफायर्स के अपने पिछले मुकाबलों में भारत ने गुआम के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की थी, जिसमें राज सिंह ने चार गोल दागे थे। मलेशिया के खिलाफ मैच में भारतीय आक्रमण उतना तेज नहीं था, लेकिन खिलाड़ियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कोई जोखिम नहीं लिया। मजबूत डिफेंस और रणनीति के दम पर भारत ने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया।