RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

सोना पप्पू मामले में पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा की 2.78 करोड़ की संपत्ति जब्त

प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोलकाता पुलिस के पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा विश्वास की 2.78 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता पुलिस के पूर्व उपायुक्त शांतनु सिन्हा विश्वास और उनके सहयोगियों की 2.78 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत की गई है। जब्त की गई संपत्तियों में कोलकाता में तीन फ्लैट और मुर्शिदाबाद के कांडी में एक जमीन का टुकड़ा शामिल है।

सोना पप्पू, जॉय कामदार और पूर्व पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा विश्वास पर जबरन वसूली, जमीन हड़पने और हत्या जैसे गंभीर आरोप हैं। ईडी ने इन मामलों में पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है।

ईडी का दावा है कि कालीघाट थाने के ओसी के रूप में तैनात रहने के दौरान शांतनु की जॉय कामदार के साथ निकटता बनी, जो उपायुक्त के पद पर रहने के दौरान भी कायम रही। आरोप है कि जॉय कामदार और सोना पप्पू ने इस पुलिस प्रभाव का इस्तेमाल आम लोगों को डराने-धमकाने और उनकी जमीन व घर हड़पने के लिए किया। मकान मालिकों को बहुत कम पैसे दिए जाते थे और जो लोग विरोध करते थे, उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जाते थे।

जांच में पता चला है कि शांतनु सिन्हा विश्वास ने अपने नाम पर संपत्ति नहीं खरीदी, बल्कि उन्हें परिवार के सदस्यों, विभिन्न कंपनियों और सहयोगियों के नाम पर रखा। ईडी का आरोप है कि अपराध से अर्जित धन को छिपाने के लिए यह तरीका अपनाया गया था। इससे पहले, विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के दौरान ईडी ने 1.64 करोड़ रुपये नकद, सोने के गहने, एक वाहन और एक अवैध रिवॉल्वर बरामद की थी।