RASHTRIX 24X7 NEWS

कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर

कोलकाता के बांसड्रोणी में सेक्सटॉरियन का शिकार हुए बुजुर्ग, गंवाए दो लाख रुपये

दक्षिण कोलकाता के बांसड्रोणी में सेक्सटॉरियन के जाल में फंसे एक बुजुर्ग ने साइबर ठगों को लगभग एक लाख अस्सी हजार रुपये दे दिए।

दक्षिण कोलकाता के बांसड्रोणी इलाके में सेक्सटॉरियन का शिकार बने एक बुजुर्ग से साइबर ठगों ने करीब एक लाख अस्सी हजार रुपये ठग लिए। इस सिलसिले में पीड़ित बुजुर्ग ने बांसड्रोणी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले रात के समय बुजुर्ग के पास एक वीडियो कॉल आया था, जिसमें एक महिला को अवांछित आचरण करते देखा गया और तुरंत कॉल कट गई। इसके अगले दिन दोपहर में उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि उनके पास बुजुर्ग की कुछ तस्वीरें हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।

सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होने के डर से घबराए बुजुर्ग ने शुरुआत में पंद्रह हजार पांच सौ रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने लगातार ब्लैंकमेल करते हुए विभिन्न किस्तों में कुल एक लाख अस्सी हजार रुपये ऐंठ लिए। बुजुर्ग ने बैंक से पैसे निकालने के अलावा अपने बेटे के खाते से भी ऑनलाइन पैसे भेजे।

बाद में परिचितों से बातचीत करने के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत की। पुलिस का अनुमान है कि इस घटना के पीछे राजस्थान के भरतपुर गिरोह जैसा कोई साइबर अपराधी सिंडिकेट हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि इस तरह के फोन आने पर डरकर पैसे न भेजें और तुरंत सतर्क रहें।