RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

सोनिया गांधी पर टिप्पणी के मामले में कंगना रनौत पर एफआईआर

सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के आरोप में भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में एफआईआर दर्ज की गई है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत कानूनी मुसीबत में फंस गई हैं। इंस्टाग्राम पर विवादित पोस्ट साझा करने के बाद शुक्रवार को शिमला में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता की धारा 353, 356 और 196 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। भाजपा सांसद ने सोनिया गांधी को 'इटली की अरबपति विधवा' कहकर तंज कसा था और उनकी संपत्ति तथा गांधी परिवार से जुड़े विभिन्न घटनाक्रमों पर सवाल उठाए थे।

कंगना ने दावा किया कि फिल्म 'इमरजेंसी' में काम करने के दौरान उन्हें गांधी परिवार के बारे में कई बातें पता चलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने सहानुभूति हासिल कर लंबे समय तक सत्ता पर कब्जा जमाए रखा और मेनका गांधी को दरकिनार किया। कांग्रेस नेता के खिलाफ इन बयानों के बाद उनके ऊपर यह कार्रवाई की गई है।