RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

एजेसी बोस रोड की बहुमंजिला इमारत में आग, सभी निवासी सुरक्षित बाहर निकाले गए

कोलकाता में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने सभी रहवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कोलकाता के एजेसी बोस रोड पर स्थित एक बहुमंजिला इमारत में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग का प्रारंभिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इमारत की दूसरी मंजिल पर एक कपड़े का गोदाम था। सबसे पहले वहीं से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद आग तेजी से अन्य मंजिलों तक फैल गई। चारों तरफ काले धुएं का गुबार छा गया और निवासियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग का दावा है कि उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण सभी रहवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।