RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

कटवा स्टेशन पर ट्रेन के डिब्बे में लगी आग, वेंडर बोगी जली

पूर्वी बर्द्धमान के कटवा रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक लोकल ट्रेन के वेंडर डिब्बे में आग लग गई, यात्रियों के उतर जाने से कोई नुकसान नहीं हुआ।

पूर्वी बर्द्धमान जिले के कटवा रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक स्थानीय ट्रेन के वेंडर डिब्बे में आग लगने की घटना सामने आई है। गनीमत यह रही कि यात्रियों के पहले ही उतर जाने के कारण किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे विभाग ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बर्द्धमान से कटवा जाने वाली लोकल ट्रेन गुरुवार को रात करीब साढ़े आठ बजे बर्द्धमान से रवाना हुई थी। रात लगभग दस बजे यह ट्रेन कटवा स्टेशन के छह नंबर प्लेटफॉर्म पर पहुंची। यात्रियों के उतर जाने के बाद कुछ लोगों ने खाली खड़े डिब्बे से लपटें उठती हुईं देखीं।

इसकी सूचना तुरंत राजकीय रेलवे पुलिस और आरपीएफ कर्मियों को दी गई। रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन वेंडर बोगी पूरी तरह जल गई।

गौरतलब है कि इस साल फरवरी महीने में भी कटवा स्टेशन के दो नंबर प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक अन्य ट्रेन में आग लग गई थी। इस तरह की बार-बार हो रही घटनाओं के कारण यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में रेलवे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।