RASHTRIX 24X7 NEWS

जीवनशैली · राष्ट्रिक्स वायर

मौसम में बार-बार बदलाव और प्रदूषण से बढ़ रही हैं स्वास्थ्य समस्याएं

मौसम में अचानक बदलाव और प्रदूषण के कारण लोगों में सर्दी, जुकाम और गले की तकलीफ जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

दिन के समय तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और रात की ठंडक के मुकाबले दोपहर में गर्मी के कारण सर्दी, खांसी और गले में खराश जैसी दिक्कतें बढ़ रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में यह बदलाव शरीर की आंतरिक प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करता है। इसके साथ ही हवा में मौजूद धूल और एलर्जेन के संपर्क में आने से सांस की तकलीफ भी बढ़ सकती है। तापमान और आद्रता के तेजी से बदलने से नाक और गले के अंदरूनी हिस्से की नमी कम हो सकती है, जिससे सूखापन और जकड़न पैदा होती है। शरीर को अपने तापमान को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता है, जिससे पसीना भी आ सकता है। डॉक्टरों का सुझाव है कि इन लक्षणों को केवल मौसम का असर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि एलर्जी और संक्रमण के लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, नियमित आराम करना और अत्यधिक तापमान से बचना बेहद जरूरी है। यदि लक्षण लंबे समय तक बने रहें या सांस लेने में तकलीफ हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।