RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान धमाका, आग लगने से सोते हुए चार लोगों की मौत

दिल्ली के विश्वास नगर में ई-रिक्शा चार्ज करते समय हुए धमाके और आग लगने की वजह से सोते हुए चार लोगों की मौत हो गई।

राजधानी के विश्वास नगर इलाके में एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे हुआ। पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, रात के समय घर के भूतल पर कुछ ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाए गए थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई।

परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल पर गहरी नींद में सो रहे थे। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और घर में आग लगी देख तुरंत पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और किसी तरह दो घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अधिकारियों ने घर की ऊपरी मंजिल से चार शव बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और दमकल की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि चार्जिंग के दौरान बैटरी फटने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।