RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में आग लगने से चार की मौत

दिल्ली के विश्वास नगर में एक मकान में ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट से लगी आग के कारण चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना सोमवार तड़के हुई।

पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, आग इमारत की निचली मंजिल पर खड़े ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। घटना के समय पहली मंजिल पर सो रहे छह लोग इसकी चपेट में आ गए।

सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां, एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउसर और एक त्वरित प्रतिक्रिया दल मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों ने फंसे हुए छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से लगी थी, हालांकि अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।