पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
जेल में बंद विधायक परेशराम दास पर लगे सामूहिक बलात्कार के नए आरोप
कैनिंग पश्चिम से जेल में बंद विधायक परेशराम दास की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कैनिंग थाने में एक युवती ने उनके खिलाफ सामूहिक बलात्कार की नई शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में विधायक के अलावा दिघिरपार ग्राम पंचायत के प्रधान शिलादित्य राय और कुछ अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस सिलसिले में हिरासत में बंद विधायक से पूछताछ की जा सकती है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना वर्ष २०२३ में पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान हुई थी। पीड़िता का दावा है कि वह चुनाव में उम्मीदवार बनना चाहती थी, जिसके चलते उसे पीटा गया और फिर दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ ज्यादती की गई। युवती ने बताया कि डर के कारण वह इतने दिनों तक चुप रही, लेकिन प्रशासन के रवैये से हिम्मत जुटाकर उसने अब पुलिस से संपर्क किया है।
गौरलतब है कि पुलिस ने गत ९ नवंबर को कोलकाता हवाई अड्डे के पास से परेशराम दास को उस समय गिरफ्तार किया था जब वह मुंबई भागने की फिराक में थे। उनके खिलाफ पिछले साल ५ सितंबर को मारपीट, धोखाधड़ी और साजिश रचने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में ही हैं।