RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

काहिरा में ईंधन टैंकर पलटने से भीषण आग, कम से कम 31 की मौत

मिस्र की राजधानी काहिरा के रिंग रोड पर एक ईंधन टैंकर पलटने से हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

मिस्र की राजधानी काहिरा में एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है। बुधवार को काहिरा के व्यस्त रिंग रोड पर ईंधन से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई। आग की लपटें तेजी से आसपास के वाहनों तक फैल गईं।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। अल-वरराक इलाके में इस आग के कारण आसपास की कुछ इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

मिस्र सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। शवों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किया जा रहा है।

मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। इसके अलावा, सरकार ने राजमार्गों और सड़कों पर पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन के लिए नए नियम बनाने की घोषणा की है। ट्रक अनियंत्रित क्यों हुआ, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है।