कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
कोलकाता के होटल में जर्मन नागरिक की रहस्यमय मौत, पुलिस जांच में जुटी
सोमवार सुबह धर्मतला के एक पांच सितारा होटल से 65 वर्षीय जर्मन पर्यटक का शव बरामद किया गया।
कोलकाता के धर्मतला इलाके के एक लक्जरी होटल में सोमवार सुबह 65 वर्षीय जर्मन नागरिक का शव मिला। मृतक की पहचान निलसन थॉमस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह रविवार को कोलकाता पहुंचे थे और उन्होंने चौरंगी इलाके के इस पांच सितारा होटल में चेक-इन किया था। होटल के कर्मचारियों ने बताया कि वे सोमवार सुबह नाश्ता देने के लिए उनके कमरे नंबर 1602 में गए थे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने होटल प्रबंधन को सूचित किया। प्रबंधन ने डुप्लीकेट चाबी से कमरा खोला और व्यक्ति को अचेत अवस्था में पाया। न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन को तुरंत सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। पुलिस मृतक के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और शव सौंपने के लिए जर्मन दूतावास से भी संपर्क किया जा सकता है।