RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

शहरी पार्किंग समस्या पर हाई कोर्ट चिंतित, मुंबई का उदाहरण दिया

कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोलकाता की पार्किंग समस्या पर चिंता जताते हुए शहर में मुंबई की तर्ज पर व्यवस्था करने का सुझाव दिया है।

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शहर में वाहन पार्किंग की गंभीर समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की है। अलीपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास वाहन खड़ा करने की समस्या के कारण बगल के आवासीय परिसर के लोगों को हो रही परेशानी को लेकर एक जनहित याचिका दायर की गई थी।

मंगलवार को सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी. घुगे ने मुंबई का उदाहरण देते हुए समाधान सुझाया। उन्होंने बताया कि मुंबई में भी ऐसी ही स्थिति थी जहाँ अस्पतालों के सामने वाहन पार्किंग की व्यवस्था के ऊपर से लोगों के आने-जाने का रास्ता बनाया गया है। कलकत्ता नगर निगम और अस्पताल प्रबंधन इस तरह के विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सेस और कर्मचारियों के वाहनों के लिए क्या कदम उठाए गए हैं, इसका हलफनामा प्रस्तुत किया जाए।

सुनवाई के दौरान तृणमूल सांसद कल्याण बैनर्जी ने कहा कि पार्किंग की समस्या विकट रूप ले चुकी है। मोटर वाहन कानून के तहत गाड़ी खरीदने से पहले गैराज होना अनिवार्य है, लेकिन सड़कों के दोनों तरफ रातभर गाड़ियां खड़ी रहती हैं। बहुमंजिला पार्किंग जोन बनने से जाम की समस्या कम हो सकती है। अतिरिक्त महाधिवक्ता बिल्वदल भट्टाचार्य ने समस्या स्वीकार करते हुए बताया कि नगर निगम इस पर योजना बना रहा है।

शहर में अनधिकृत पार्किंग की समस्या पुरानी है। सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही इस पर लगाम कसने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने माना है कि यह समस्या रातोंरात दूर नहीं हो सकती। मामले की अगली सुनवाई अगले साल १८ जनवरी को होगी।