RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

हैदराबाद में लश्कर के नाम पर धमकी भरा ईमेल, हाई अलर्ट जारी

मुंबई के २६/११ हमलों की तर्ज पर हैदराबाद में बड़े आतंकवादी हमले की धमकी मिलने के बाद शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। भेजने वाले ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य बताया और कहा कि यह हमला जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए लश्कर आतंकवादी लतीफ भट और उसके साथियों की मौत का बदला लेने के लिए किया जाएगा। ईमेल में हैदराबाद के काचीगुड़ा स्थित 'होटल टूरिस्ट प्लाजा' और काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन पर विस्फोट करने की बात कही गई है, और चेतावनी दी गई है कि इस हमले में कम से कम तीन सौ लोगों की जान जा सकती है।

इस धमकी के बाद प्रशासन ने शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है। हैदराबाद पुलिस की स्पेशल ब्रांच की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों को चेतावनी संदेश भेजा गया है। पुलिस को काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन, होटल के अलावा शहर के सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस टर्मिनलों, धार्मिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया है।