RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

भारत में विवादित उपदेशक जाकिर नाइक पर प्रतिबंध पाँच साल और बढ़ा

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विवादित उपदेशक जाकिर नाइक और उसके संगठन पर प्रतिबंध पाँच साल के लिए बढ़ा दिया है।

केंद्र सरकार ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक और उसके संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध की अवधि पाँच साल और बढ़ा दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में इस फैसले की घोषणा की। भारत सरकार ने पहली बार २०१६ में जाकिर नाइक पर प्रतिबंध लगाया था।

गृह मंत्रालय ने बताया कि प्रतिबंध के दौरान भी जाकिर नाइक ने लगातार विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा और द्वेष फैलाने का प्रयास किया है। उस पर अपने अनुयायियों को उकसाकर देश में सांप्रदायिक हिंसा फैलाने का भी आरोप है। गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत उसके संगठन को प्रतिबंधित किया गया है। इससे पहले १६ नवंबर २०२१ को गृह मंत्रालय ने आईआरएफ पर प्रतिबंध पाँच साल के लिए बढ़ाया था।

गौरतलब है कि जाकिर नाइक के खिलाफ धन शोधन से लेकर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने तक के कई आरोप हैं। एनआईए और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही हैं। २०१५ में उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था और वह २०१७ से मलेशिया में रह रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में २०२० में भारत में उसके भाषण देने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। भारत सरकार द्वारा उसके प्रत्यर्पन का अनुरोध किए जाने के बावजूद मलेशिया सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया है।