RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

पुंछ में सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया।

भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के अब्बासपुर के कुकुटा निवासी मोहम्मद जमील के रूप में हुई है, जो गुलाम हुसैन का पुत्र है।

सेना के सूत्रों के अनुसार, खारी करमरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास गश्त के दौरान जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। सर्ला बटालियन के जवानों ने तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया और पाकिस्तानी सीमा से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते ही उसे दबोच लिया।

राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण और पूछताछ के बाद उसे पुंछ पुलिस को सौंप दिया गया। जांचकर्ता यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि वह भारत में क्यों दाखिल हुआ था और इसके पीछे कोई साजिश है या नहीं।

सेना का कहना है कि अक्सर पाकिस्तानी सेना की योजना के तहत नागरिकों को नियंत्रण रेखा पार कराई जाती है, जिसका उद्देश्य भारतीय सेना की चौकसी का जायजा लेना और आतंकवादियों की घुसपैठ के लिए अवसर तलाशना होता है। इससे एक दिन पहले पंजाब के बामियाल सेक्टर में बीएसएफ ने एक घुसपैठिए को मार गिराया था।